मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज यानि सोमवार को दुमका पहुँच रहे हैं। इस दौरान वे दुमका से प्रदेश वासियों को बड़ी सौगात देंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सदर प्रखंड के आसनसोल पंचायत में आयोजित सेवा अधिकार सप्ताह यानी 'सरकार आपके द्वारा' कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। दुमका हवाई अड्डा परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा, जहां से हेमंत सोरेन झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारी पूरी की जा चुकी है।
मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दोपहर 12:15 बजे दुमका एयरपोर्ट पहुचेंगे और झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का उद्घाटन के बाद विभिन्न योजनाओं का ऑन लाइन उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे युवाओं को नियुक्ति पत्र, व अन्य लाभुकों के बीच परिसंपत्ति, ऋण एवं अनुदान का वितरण करेंगे। कार्यक्रम के समापन के बाद दोपहर 2:30 बजे तक वे वापस रांची के लिए रवाना होंगे। इसे लेकर डीसी सहित तमाम वरीय अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल जायजा ले लिया है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर डीसी सहित तमाम वरीय अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल जायजा ले लिया है। जिला प्रशासन के द्वारा की जा रही तैयारियां भी अंतिम चरण में है। एयरपोर्ट पर ही विशाल पंडाल बनाया गया है। वहीं कार्यक्रम स्थल के चारों तरफ राज्य सरकार के द्वारा चलाए जा रहे जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित होर्डिंग्स और पोस्टर लगाए गए हैं।