झारखंड में पिछले 24 घंटों से मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन उत्तरी हवाएं राज्य के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में ठंड को बढ़ा रही हैं। दिन में धूप भले ही हल्की राहत दे रही हो, लेकिन सुबह और रात की सर्दी तेजी से तेज हो रही है। मौसम केंद्र रांची के मुताबिक, फिलहाल कोई बड़ा मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है, मगर निचले स्तर पर उत्तर और उत्तर-पूर्वी दिशा से आने वाली ठंडी हवाएँ तापमान को लगातार नीचे धकेल रही हैं। दिन के तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ है और यह सामान्य से लगभग 2 डिग्री के उतार-चढ़ाव में बना हुआ है। चाईबासा में अधिकतम तापमान 29.8°C दर्ज किया गया, जबकि रांची का अधिकतम तापमान 23.8°C रहा, जो सामान्य से करीब 3.5°C कम है।
चतरा सबसे ठंडा जिला बना
रात के तापमान में गिरावट ज्यादा तेज रही। कई जिलों में पारा सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। चतरा इस दौरान राज्य का सबसे ठंडा जिला बना, जहाँ न्यूनतम तापमान 6.6°C दर्ज किया गया। रांची में 10.2°C, बोकारो में 10.5°C और गिरिडीह में 11.4°C न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। मौसम विज्ञानियों के अनुसार कुछ जगहों पर रात का तापमान सामान्य से 5°C तक नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 21 नवंबर तक राज्य भर में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई है। सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा। अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 26-27°C और न्यूनतम तापमान 11-13°C के आसपास रहने की उम्मीद है, जिससे सुबह और रात की ठंड और बढ़ेगी। रांची, बोकारो, गुमला, लोहरदगा, धनबाद समेत मध्य झारखंड में कोहरे और ठंडी हवाओं का असर जारी रहेगा। वहीं पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, चतरा, हजारीबाग और कोडरमा में भी इसी तरह की स्थिति बनी रहेगी।
अगले पाँच दिनों में बढ़ेगी सर्दी
पूर्वानुमान बताता है कि कई जिलों में रात का तापमान लगातार गिरता रहेगा। देवघर, धनबाद, दुमका, गोड्डा और साहिबगंज में दिन का तापमान 29–31°C जबकि रात का तापमान 14-18°C के बीच रहने का अनुमान है।