Thursday April 25, 2024

Registration Login Contact

B

Hindi News / भारत / न्यूज़

जैसलमेर बस अग्निकांड में 20 की दर्दनाक मौत, सीएम भजनलाल शर्मा घायलों से मिले

Advertisement
15 Oct 2025 || karishma kiran
1358
Advertisement

राजस्थान के जैसलमेर जिले में एक दर्दनाक बस हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। पोकरण क्षेत्र में एक चलती बस में भीषण आग लगने से 20 लोगों की जान चली गई। यह घटना रविवार को हुई, जब बस में आग लगने के कारण यात्री उसमें फंस गए। हादसे में मारे गए लोगों में स्थानीय पत्रकार राजेंद्र सिंह चौहान और केमिस्ट एसोसिएशन से जुड़े मनोज भाटिया भी शामिल हैं। दोनों पोकरण में एक मेडिकल स्टोर के उद्घाटन के कार्यक्रम में जा रहे थे। मनोज किसी तरह जलती बस से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन राजेंद्र सिंह चौहान भीतर ही फंस गए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और वहां मौजूद पोकरण विधायक महंत प्रताप पुरी, जिला कलेक्टर प्रताप सिंह नाथावत और पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे से हादसे की जानकारी ली। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की और तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों से मुलाकात की और चिकित्सकों से उनका स्वास्थ्य अपडेट लिया। घटना की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हादसे में मौके पर ही 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल, 79 वर्षीय हुसैन खां, ने जोधपुर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल 15 लोगों में 2 बच्चे और 4 महिलाएं शामिल हैं, जो 70 प्रतिशत तक जल चुके हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बस में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। जिला प्रशासन ने कई शवों की पहचान न हो पाने की स्थिति में डीएनए जांच के जरिए मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है और इसके लिए परिजनों से संपर्क करने की अपील की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस भीषण हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।